स्थानीय लोगों की शिकायत पर पुलिस ने चलाया चेकिंग अभियान, एमवी एक्ट के तहत की कार्रवाई
बागेश्वर। मोटरसाइकिल में रेट्रो साइलेंसर लगाकर तेज और पटाखों जैसी आवाज निकालने वालों के खिलाफ बागेश्वर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को कोतवाली बैजनाथ पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान रेट्रो साइलेंसर लगी एक बुलेट मोटरसाइकिल को सीज कर दिया।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा (आईपीएस) के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी बागेश्वर/कपकोट के पर्यवेक्षण में जनपदभर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों और वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, पिछले कई दिनों से स्थानीय नागरिकों द्वारा क्षेत्र में रेट्रो साइलेंसर लगी मोटरसाइकिलों से तेज आवाज और पटाखे फोड़ने जैसी ध्वनि उत्पन्न किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। इससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
इसी क्रम में सोमवार, 16 नवंबर को कोतवाली बैजनाथ पुलिस ने क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बुलेट मोटरसाइकिल संख्या UK02A1108 पर रेट्रो साइलेंसर लगाकर तेज आवाज में वाहन चलाते हुए अक्षय खुल्बे निवासी बैजनाथ, जनपद बागेश्वर को पकड़ा गया।
पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालक के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल को सीज कर दिया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने और मॉडिफाइड साइलेंसर के माध्यम से ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।







