logo

फुलवाड़ी-खाईंधार सड़क के लिए संघर्ष जारी, पूर्व राज्यपाल कोश्यारी को सौंपा ज्ञापन

खबर शेयर करें -

मुख्यमंत्री से सीधे वार्ता की मांग पूरी न होने पर आंदोलन जारी रखने का निर्णय

कपकोट। फुलवाड़ी-फुलाचौंरा-थलीधार-खाईंधार सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का आंदोलन लगातार जारी है। मंगलवार को आंदोलन स्थल पर 71 वर्षीय शेर सिंह दानू और 49 वर्षीय टीका सिंह फर्शवाण सांकेतिक क्रमिक अनशन पर बैठे। भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण दिनभर आंदोलन स्थल पर डटे रहे।

सोमवार को फुलवाड़ी-खाईंधार सड़क संघर्ष समिति के पदाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने कपकोट के पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में निजी भ्रमण पर आए पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। समिति ने पूर्व राज्यपाल से फुलवाड़ी, फुलाचौंरा, थलीधार और खाईंधार को जोड़ने वाली सड़क का जल्द निर्माण शुरू कराने के लिए मध्यस्थता करने का आग्रह किया।

यह भी पढ़ें 👉  नशे में वाहन चलाने पर बैजनाथ पुलिस की कार्रवाई, चालक गिरफ्तार

प्रतिनिधिमंडल ने कोश्यारी से मुख्यमंत्री से संघर्ष समिति के आंदोलनकारियों की दूरभाष पर वार्ता कराने का भी अनुरोध किया। समिति का कहना है कि मुख्यमंत्री और ग्रामीणों के बीच सीधे संवाद से सड़क निर्माण से जुड़ी कागजी और प्रशासनिक बाधाओं को दूर करने की राह आसान हो सकती है।

संघर्ष समिति के अनुसार, पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने मुख्यमंत्री से सीधे वार्ता कराने के संबंध में स्पष्ट आश्वासन नहीं दिया। हालांकि उन्होंने कहा कि वह स्वयं सड़क निर्माण के मामले में संबंधित स्तर पर वार्ता करेंगे और प्रगति से संघर्ष समिति को फोन के माध्यम से अवगत कराएंगे।

यह भी पढ़ें 👉  बागेश्वर में सरयू नदी का रौद्र रूप, एसडीएम ने किया नदी किनारे क्षेत्रों का निरीक्षण

ग्रामीणों का कहना है कि उनकी मुख्य मांग मुख्यमंत्री से सीधे संवाद की है, ताकि उन्हें सड़क निर्माण की प्रक्रिया, सामने आ रही बाधाओं और निर्माण शुरू होने की समयसीमा के संबंध में स्पष्ट आश्वासन मिल सके। समिति का कहना है कि जब तक सड़क निर्माण की दिशा में ठोस पहल नहीं होती, आंदोलन जारी रखा जाएगा।

वक्ताओं ने कहा कि फुलवाड़ी-खाईंधार क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए सड़क महज आवागमन का साधन नहीं, बल्कि उनके जीवन, रोजगार, शिक्षा और भविष्य से जुड़ा सवाल है। सड़क सुविधा के अभाव में ग्रामीणों को लंबे समय से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  दीक्षारंभ कार्यक्रम में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं का स्वागत

संघर्ष समिति के अध्यक्ष पूर्व कैप्टन रतन सिंह दानू, संरक्षक चरण सिंह बघरी, सचिव करम सिंह दानू, उपाध्यक्ष शेर सिंह दानू समेत अन्य पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने कहा कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

इस अवसर पर गजेंद्र सिंह धामी, मधन सिंह धामी, प्रताप सिंह धामी, भूपाल सिंह बघरी, प्रताप सिंह बघरी, तारा धामी, मोहनी देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
Share on whatsapp