logo

अगस्त के चौथे सप्ताह से शुरू होंगी खेल प्रतियोगिताएं, 1500 से अधिक खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। शिक्षा विभाग ने जनपद, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की विद्यालयी क्रीड़ा प्रतियोगिताओं के लिए वार्षिक खेल कैलेंडर तैयार कर लिया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी आशा राम की अध्यक्षता और जिला खेल समन्वयक के समन्वय में हुई बैठक में ब्लॉक एवं जनपद स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी की गईं। प्रतियोगिताओं का आयोजन अगस्त के चौथे सप्ताह से शुरू होगा।

इन प्रतियोगिताओं में जनपद के राजकीय विद्यालयों के साथ उत्तराखंड बोर्ड से संबंधित विद्यालयों के विद्यार्थी भी प्रतिभाग कर सकेंगे। बागेश्वर, गरुड़, कपकोट, काफलीगैर, बनलेख, कांडा और बैसानी जोन से 1500 से अधिक खिलाड़ी विभिन्न खेलों में प्रतिभाग करेंगे। खिलाड़ियों को ब्लॉक और जनपद स्तर से राज्य तथा स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।

यह भी पढ़ें 👉  एनएसएस शिविर में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति किया जागरूक

जिला खेल समन्वयक एवं द्रोणाचार्य अवार्डी कमलेश तिवारी ने बताया कि प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों को जनपद स्तर से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच के लिए तैयार करना है। राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को उत्तराखंड सरकार की ओर से छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाती है। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्कूल गेम्स और नेशनल स्कूल गेम्स के लिए भी अपनी तैयारी कर सकेंगे।

यह भी पढ़ें 👉  बागेश्वर में चोरों का आतंक, दो दुकानों के ताले टूटे,90 हजार से अधिक की नकदी और 8 मोबाइल चोरी

उन्होंने बताया कि पिछले राष्ट्रीय स्कूल खेलकूद प्रतियोगिताओं में बागेश्वर के खिलाड़ियों ने ताइक्वांडो में पांच स्वर्ण और दो रजत पदक हासिल किए थे। अंडर-17 वर्ग में जनपद ने देश में प्रथम स्थान भी प्राप्त किया था। इसके अलावा हैंडबॉल, खो-खो, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, योग, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल में भी बागेश्वर के खिलाड़ियों ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन किया है।

यह भी पढ़ें 👉  रामपुर तिराहा कांड की 32वीं बरसी पर शहीदों को श्रद्धांजलि

मुख्य शिक्षा अधिकारी आशा राम ने प्रतियोगिताओं को बेहतर ढंग से आयोजित करने और खिलाड़ियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में सभी जोन के समन्वयकों और जनपद के खेल शिक्षकों ने प्रतिभाग किया तथा खेल गतिविधियों को और बेहतर बनाने का संकल्प लिया।

बैठक में जोन समन्वयक अंजू कालाकोटी, राहुल खुल्बे, देवेंद्र कोरंगा, जेनैन्द्र राठौर, गोविंद डसीला, अर्जुन सिंह और कुंदन सिंह कालाकोटी सहित जनपद के खेल शिक्षक मौजूद रहे। संचालन सुरेंद्र पवार ने किया।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
Share on whatsapp