बागेश्वर। राज्य योजना के तहत कठपुड़ियाछीना-सेराघाट मोटर मार्ग के किमी दो से चौरा-बमौरखान मोटर मार्ग का निर्माण ग्रामीणों के विवाद के चलते करीब दो साल से अटका हुआ है। सड़क निर्माण में हो रही देरी से नाराज ग्राम पंचायत कमड़ा के ग्रामीण सोमवार को जिला मुख्यालय पहुंचे और प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
ग्राम प्रधान पूजा के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2023 में सड़क निर्माण को सैद्धांतिक मंजूरी मिली थी। इसके बाद सर्वे और पिलरबंदी का कार्य शुरू किया गया, लेकिन ग्रामीणों के बीच विवाद के चलते निर्माण प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी, लेकिन लंबे समय से मामला लंबित होने के कारण ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों के अनुसार 10 मार्च 2026 को लोक निर्माण विभाग की ओर से बैठक आयोजित कर ग्रामीणों की आपत्तियों का निस्तारण किया गया था। इसके बाद विभाग ने दोबारा सर्वे का कार्य तो कराया, लेकिन करीब छह माह बीतने के बाद भी पिलरबंदी शुरू नहीं हो पाई है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप करते हुए संबंधित विभाग को पिलरबंदी और संयुक्त सर्वे का कार्य एक साथ शुरू कराने के निर्देश देने की मांग की। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में लगातार हो रही देरी से क्षेत्रवासियों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन देने वालों में राम सिंह, राजेंद्र सिंह, बालम सिंह, गजेंद्र प्रसाद, विनोद कुमार और तेज सिंह सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।








