logo

13 सूत्रीय मांगों को लेकर संघर्ष वाहिनी का धरना-प्रदर्शन, डीएम को सौंपा ज्ञापन

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। जनसमस्याओं के समाधान और लंबित विकास कार्यों को गति देने की मांग को लेकर संघर्ष वाहिनी ने सोमवार को जिला कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए 13 सूत्रीय मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मांगों पर ठोस कार्रवाई की अपील की गई।

संघर्ष वाहिनी ने कंट्रीवाइड स्कूल के समीप जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने, फुलवाड़ी-खाईधार सड़क निर्माण से संबंधित शासनादेश पर जल्द कार्रवाई करने तथा जिला चिकित्सालय बागेश्वर में आवश्यक चिकित्सकों की नियुक्ति सुनिश्चित करने की मांग की। इसके अलावा 108 एंबुलेंस सेवा को मजबूत करने और जिला चिकित्सालय में निर्मित नवीन वार्ड को जल्द संचालित करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।

यह भी पढ़ें 👉  फुलवाड़ी सड़क निर्माण आंदोलन को संघर्ष वाहिनी बागेश्वर ने दिया समर्थन

ज्ञापन में गोमती और सरयू नदियों पर प्रस्तावित पुलों का निर्माण शीघ्र शुरू कराने तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय नरेंद्र सिंह करायत मोटर मार्ग को काफलीगैर तक स्वीकृत कर निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की गई। वहीं, नगर पालिका बागेश्वर के निर्माण कार्यों की उच्चस्तरीय जांच कराने और पालिका सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने की मांग भी रखी गई।

यह भी पढ़ें 👉  बागेश्वर में बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें, 13 से अधिक मोटरमार्ग बंद भूधंसाव और मकान क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों में दहशत, बिजली-पानी और संचार सेवाएं भी प्रभावित

संघर्ष वाहिनी ने मेहनरबूंगा क्षेत्र में बाईपास रोड के डामरीकरण का कार्य जल्द पूरा कराने, शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बंदरों के बढ़ते आतंक से निजात दिलाने तथा ट्यूनेरा-मजियाखेत मार्ग के दोनों ओर नालियों का निर्माण कराने की मांग की। इसके साथ ही नीलेश्वर गौ सेवा समिति के लिए भूमि उपलब्ध कराने समेत अन्य जनसमस्याओं के समाधान की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।

यह भी पढ़ें 👉  नॉर्थ जोन बॉक्सिंग टूर्नामेंट में दमखम दिखाएंगे बागेश्वर के 29 खिलाड़ी

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि क्षेत्र की कई समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन जिम्मेदार विभागों की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो संघर्ष वाहिनी आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होगी।

धरना-प्रदर्शन के दौरान संघर्ष वाहिनी के जिलाध्यक्ष सहित संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
Share on whatsapp