बागेश्वर। अनंदी अकादमी, बागेश्वर के प्रतिभावान छात्र प्रियांशु मेहता ने हरियाणा के पानीपत में आयोजित राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय के साथ ही जनपद का भी नाम गौरवान्वित हुआ है।
प्रियांशु मेहता, श्रीमती मंजू मेहता एवं श्री हीरा सिंह मेहता के पुत्र हैं। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में अनंदी अकादमी के छात्र प्रशांत कांडपाल ने भी प्रतिभाग किया और अपने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन से विद्यालय का प्रतिनिधित्व किया।
विद्यालय की ओर से पी.टी.आई. श्री भुवन मेहता विद्यार्थियों को प्रतियोगिता में प्रतिभाग कराने के लिए पानीपत लेकर गए। उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों के साथ रहकर उन्हें आवश्यक सहयोग, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन प्रदान किया। उनके सहयोग से दोनों खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
प्रियांशु की इस सफलता का श्रेय उनके माता-पिता, कोच, पी.टी.आई. श्री भुवन मेहता तथा विद्यालय प्रबंधन के निरंतर सहयोग, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन को दिया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री गौरव पंत ने प्रियांशु की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए विद्यार्थियों से उनकी सफलता से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भागीदारी विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, मेहनत और सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
विद्यालय के प्रबंधक श्री मनमोहन सिंह भाकुनी ने कहा कि खेलों से जुड़ना बच्चों को नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रखने में भी सहायक है। उन्होंने विद्यार्थियों से खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
विद्यालय प्रबंधन ने प्रियांशु मेहता और प्रशांत कांडपाल को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही अन्य विद्यार्थियों से भी दोनों खिलाड़ियों से प्रेरणा लेकर खेलों में आगे बढ़ने का आह्वान किया।







