शहीदों के सपनों का शिक्षित और समृद्ध उत्तराखंड बनाने का लिया संकल्प
बागेश्वर। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पर सोमवार को एनसीसी कैडेटों और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवियों ने प्रभात फेरी निकालकर राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान विद्यार्थियों ने नारों के माध्यम से राज्य आंदोलनकारियों के सपनों का शिक्षित, समृद्ध और खुशहाल उत्तराखंड बनाने का संकल्प दोहराया।
81 यूके बटालियन एनसीसी बागेश्वर के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में नगर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के एनसीसी कैडेट और एनएसएस स्वयंसेवी सुबह आठ बजे तहसील परिसर में एकत्र हुए। यहां से नुमाइश मैदान तक प्रभात फेरी निकाली गई। हाथों में उत्साह और नारों में राज्य के प्रति सम्मान का भाव लिए विद्यार्थियों ने पूरे वातावरण को उत्तराखंडमय बना दिया।
प्रभात फेरी के दौरान विद्यार्थियों ने ‘हमारा उत्तराखंड कैसा हो, शहीदों के सपनों जैसा हो’, ‘हमें चाहिए कैसा उत्तराखंड, शिक्षित उत्तराखंड, समृद्ध उत्तराखंड’ और ‘सारी धरती सारा अंबर, हमको प्यारा नौ नवंबर’ जैसे नारों से लोगों को राज्य के गौरवशाली इतिहास और आंदोलनकारियों के संघर्ष की याद दिलाई।
प्रभात फेरी के माध्यम से राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों और शहीदों का भावपूर्ण स्मरण किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य दीप चंद्र जोशी, कैप्टन मोहन सिंह धामी, मंजू होलारिया सहित विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।







