केंद्रीय औषधि भंडार से लेकर गरुड़ के मेडिकल स्टोरों तक हुई जांच, एक्सपायरी दवाओं और बिना पर्चे दवा बिक्री पर सख्त हिदायत
बागेश्वर। जनपद में दवाओं की गुणवत्ता और मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए औषधि विभाग ने निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे के निर्देश पर विभागीय टीम ने बिलौना स्थित केंद्रीय औषधि भंडार से लेकर गरुड़ क्षेत्र के विभिन्न मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया। इस दौरान गुणवत्ता परीक्षण के लिए 10 दवाओं के नमूने एकत्र किए गए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
औषधि निरीक्षक पूजा रानी ने सबसे पहले मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर स्थित केंद्रीय औषधि भंडार का निरीक्षण किया। यहां दवाओं के रखरखाव, निर्धारित तापमान, स्टॉक की उपलब्धता और एक्सपायरी के नजदीक पहुंच चुकी दवाओं के पृथक भंडारण की व्यवस्था परखी गई। इसके अलावा दवाओं की खरीद और वितरण से संबंधित अभिलेखों, बैच नंबर, निर्माण तिथि और समाप्ति तिथि का भी सत्यापन किया गया।







