होटल-ढाबों में चेकिंग कर 22 बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन, छह के खिलाफ पुलिस एक्ट में कार्रवाई
बागेश्वर। जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर अंकुश लगाने के लिए बागेश्वर पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस मुख्यालय की ओर से संचालित ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा (आईपीएस) के निर्देशन में 12 अक्टूबर को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 22 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इस दौरान एक वाहन सीज किया गया।
पुलिस ने देर शाम ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत होटल और ढाबों में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बाहरी क्षेत्रों से आए 22 व्यक्तियों का सत्यापन किया गया। पुलिस के अनुसार, पहचान छिपाकर या बिना सत्यापन के रह रहे संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करने के उद्देश्य से नियमित चेकिंग की जा रही है।
वहीं, सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था भंग करने तथा बिना पुलिस सत्यापन के रहने वाले छह व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने आमजन से की अपील
बागेश्वर पुलिस ने नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर शांति, सुरक्षा और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने, सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत दी है। साथ ही, कहीं भी हुड़दंग या अशांति की स्थिति सामने आने पर तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना देने का आग्रह किया है।
पुलिस का कहना है कि जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चेकिंग तथा सत्यापन अभियान आगे भी जारी रहेगा।







