कपकोट पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई, एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
कपकोट। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और एसओजी की टीम ने तिमलाबगड़ के पास एक व्यक्ति को 442 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान हुकम राम (36) पुत्र देव राम, निवासी बदियाकोट, थाना कपकोट के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ कपकोट थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री की रोकथाम के लिए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एसओजी प्रभारी निरीक्षक सलाउद्दीन खान के नेतृत्व में टीम ने तिमलाबगड़ के पास संदिग्ध व्यक्ति की जांच की। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 442 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने गिरफ्तारी के निर्धारित प्रावधानों का पालन करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपित को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले की जांच के साथ आरोपित के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस चरस के स्रोत और उसकी खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों के संपर्कों की भी पड़ताल कर रही है।







