ऑल इंडिया फुटबॉल टूर्नामेंट का रोमांचक फाइनल, नुमाइशखेत मैदान में उमड़ी दर्शकों की भीड़
बागेश्वर। ऐतिहासिक नुमाइशखेत मैदान में चल रहे ऑल इंडिया फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। मुंबई की टीम ने गढ़वाल डायमंड दिल्ली को पेनाल्टी शूटआउट में 4-2 से हराकर खिताब अपने नाम किया। निर्धारित समय में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी। मुकाबला अंत तक बराबरी पर रहने के बाद पेनाल्टी शूटआउट में पहुंचा।
पेनाल्टी शूटआउट में मुंबई की टीम ने चार गोल दागे, जबकि दिल्ली की टीम दो गोल ही कर सकी। इसके साथ ही मुंबई ने टूर्नामेंट की ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। फाइनल मुकाबला देखने के लिए जिलेभर से बड़ी संख्या में खेल प्रेमी नुमाइशखेत मैदान पहुंचे। दर्शकों ने पूरे मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
फाइनल मुकाबले के बाद मुख्य अतिथि विधायक पार्वती दास और जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या ने विजेता मुंबई की टीम को ट्रॉफी प्रदान की। विजेता टीम को एक लाख 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई, जबकि उपविजेता गढ़वाल डायमंड दिल्ली की टीम को 51 हजार रुपये प्रदान किए गए।
खिलाड़ियों को मिलेगा प्रोत्साहन
इस अवसर पर विधायक पार्वती दास ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं के आयोजन से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि बड़े स्तर की प्रतियोगिताओं से युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी और नई प्रतिभाओं को आगे आने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
फ्रेंड्स क्लब के सचिव कमल साह जगाती ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में विभिन्न स्थानों से आई टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया और फाइनल मुकाबले ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
फाइनल मुकाबले के दौरान बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, आयोजक और स्थानीय लोग मौजूद रहे।







