logo

बागेश्वर कांग्रेस कार्यालय में गांधी-शास्त्री जयंती पर चरखा चलाकर दिया स्वावलंबन का संदेश

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को जिला कांग्रेस कार्यालय बागेश्वर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चरखा चलाकर ऊन काता। चरखे की मधुर ध्वनि के बीच सभी ने सामूहिक रूप से ‘रघुपति राघव राजा राम’ भजन का गायन किया। इससे पूरा परिसर गांधीजी के विचारों और देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत नजर आया।

यह भी पढ़ें 👉  चेक बाउंस मामले में जेबी इंटरप्राइजेज के प्रोप्राइटर को छह माह की सजा

इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी सत्य, अहिंसा, स्वदेशी और सादगी के प्रतीक थे। उन्होंने चरखे को केवल कताई के साधन के रूप में नहीं, बल्कि स्वावलंबन, आत्मनिर्भरता और स्वतंत्रता आंदोलन के प्रतीक के रूप में स्थापित किया। वहीं लाल बहादुर शास्त्री ने ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा देकर देश को नई दिशा दी और अपनी सादगी, ईमानदारी एवं दृढ़ संकल्प से सार्वजनिक जीवन में आदर्श स्थापित किया।

यह भी पढ़ें 👉  पुलिस इंस्पेक्टर की वर्दी में वीडियो कॉल, डिजिटल अरेस्ट कर 2.60 लाख की साइबर ठगी

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने दोनों महापुरुषों के जीवन मूल्यों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में देश और समाज में एकता, शांति, सद्भाव और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने के लिए गांधी और शास्त्री के विचार आज भी प्रासंगिक हैं।

जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से आमजन से स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने की अपील की गई। साथ ही शास्त्रीजी के जीवन से प्रेरणा लेते हुए ईमानदारी और मेहनत के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया गया।

यह भी पढ़ें 👉  पिंडारी-कफनी ग्लेशियर तक पहुंचा सेना का ट्रैकिंग दल, दशक बाद बहाल होगी ऐतिहासिक ट्रेकिंग रूट की गतिविधियां।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं पूर्व जिलाध्यक्ष भगवत सिंह डसीला ने कहा कि गांधी और शास्त्री का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके बताए सत्य, सादगी, स्वावलंबन और जनसेवा के रास्ते पर चलकर ही मजबूत समाज और राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है।

इस मौके पर कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
Share on whatsapp