पदम सिंह परिहार राजकीय इंटर कॉलेज वज़्यूला
विज्ञान की चार दिवसीय कार्यशाला का विज्ञान मेले के साथ सफल समापन
बागेश्वर। पदम सिंह परिहार राजकीय इंटर कॉलेज वज़्यूला में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) बागेश्वर द्वारा संचालित चार दिवसीय विज्ञान कार्यशाला आज विज्ञान मेले के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस कार्यशाला में विद्यार्थियों ने अत्यंत उत्साह के साथ सहभागिता की और 40 से अधिक उत्कृष्ट विज्ञान मॉडल तैयार किए, जिनमें वैज्ञानिक सिद्धांतों, स्थानीय समस्याओं के वैज्ञानिक समाधान तथा नवाचार आधारित प्रोजेक्ट शामिल रहे।
विज्ञान मेला कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष, माननीय श्रीमती शोभा आर्या ने डायट बागेश्वर के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान जमीन स्तर पर शिक्षा के उत्थान के लिए कार्य कर रहा है, ऐसे कार्यक्रमों से सरकारी विद्यालयों में अभिभावकों का विश्वास बढ़ेगा। विद्यार्थियों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि
विज्ञान प्रयोगशालाएं और ऐसी कार्यशालाएं छात्रों में जिज्ञासा, तार्किक सोच और नवाचार भावना को बढ़ाती हैं। वज़्यूला जैसे ग्रामीण क्षेत्र के छात्र जिस रचनात्मकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ मॉडल प्रस्तुत कर रहे हैं, वह वास्तव में प्रेरणादायक है।
विशिष्ट अतिथि रेड क्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन श्री इन्द्र सिंह फ़्रस्वाण ने कहा कि आज के बच्चे आने वाले कल के वैज्ञानिक और शोधकर्ता हैं। इस प्रकार की गतिविधियाँ उन्हें आत्मविश्वासी बनाती हैं और समाज व राष्ट्र के विकास में योगदान हेतु तैयार करती हैं।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य, राजकीय इंटर कॉलेज वज़्यूला, श्री दीपक कुमार ने कहा कि चार दिवसीय कार्यशाला ने बच्चों में करके सीखने की अद्भुत भावना विकसित की है। हमारे विद्यालय के बच्चों ने अपनी प्रतिभा से यह सिद्ध कर दिया कि अवसर मिलने पर ग्रामीण क्षेत्र के छात्र भी बड़ी उपलब्धियाँ हासिल कर सकते हैं। विद्यालय चयन के लिए डायट बागेश्वर का आभार व्यक्त किया।
विज्ञान कार्यक्रम समन्वयक, डॉ. भुवन चंद्र ने कार्यशाला की रूपरेखा और उपलब्धियाँ प्रस्तुत करते हुए कहा कि इस कार्यशाला का उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के आलोक में छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, मॉडल निर्माण क्षमता और समूह आधारित सीख को बढ़ावा देना था। छात्रों द्वारा तैयार किए गए 40 से अधिक मॉडल उनकी मेहनत, सृजनशीलता और वैज्ञानिक समझ का प्रमाण हैं।
कार्यक्रम का संचालन श्री आलोक पांडेय ने किया। संदर्भदाता के रूप में प्रथम संस्था से गौरव सिंह बोरा एवं पंकज सिंह बोरा रहे।
इस अवसर पर DIET बागेश्वर से डॉ. राजीव जोशी एवं डॉ. सी. एम. जोशी, साथ ही विद्यालय के PTA अध्यक्ष, SMC अध्यक्ष, सभी शिक्षक–शिक्षिकाएँ तथा बड़ी संख्या में छात्र–छात्राएँ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों द्वारा मॉडल प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे नवाचार कार्यक्रमों के आयोजन का संकल्प व्यक्त किया गया।








