बागेश्वर। जिले के सुदूरवर्ती पर्वतीय गांवों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए बागेश्वर पुलिस का सामुदायिक पुलिसिंग अभियान जारी है। इसी क्रम में थाना झिरौली और चौकी शामा पुलिस की संयुक्त टीम गांव जांठा पहुंची। यहां पुलिस ने ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं को साइबर अपराधों से बचाव, बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन और सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के निर्देशन में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन लॉटरी के नाम पर ठगी, फर्जी बिजली बिल के संदेश और व्हाट्सएप हैकिंग जैसे साइबर अपराधों के प्रति सतर्क किया गया। पुलिस ने अनजान कॉल पर भरोसा न करने और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की अपील की।
ग्रामीणों को गांव में आने वाले बाहरी फेरीवालों, कबाड़ियों, मजदूरों और अन्य अज्ञात व्यक्तियों की संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा उनका पुलिस सत्यापन कराने के लिए भी जागरूक किया गया। इसके साथ ही युवाओं और छात्र-छात्राओं को उत्तराखंड पुलिस की आगामी भर्ती के संबंध में जानकारी देते हुए नियमित पढ़ाई और शारीरिक दक्षता पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस ने ग्रामीणों से किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या उत्पीड़न की सूचना तत्काल 112 पर देने की अपील की। वहीं, ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी, ताकि समय रहते ठगी की रकम को सुरक्षित करने के प्रयास किए जा सकें।







