– बागेश्वर में क्षेत्रीय एवं जिला परामर्शदाता समिति ( वन पंचायत सरपंच संगठन) का गठन, दीपक पांडे रुद्रा निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित
– वन पंचायतों के सरपंचों की बैठक में वन संरक्षण और स्थानीय जनसमस्याओं के समाधान पर बनी सहमति
बागेश्वर। तहसील बागेश्वर में बुधवार को नायब तहसीलदार रीतू गोस्वामी की अध्यक्षता में वन पंचायतों के सरपंचों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बागेश्वर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे वन पंचायतों के सरपंचों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान सर्वसम्मति से क्षेत्रीय एवं जिला परामर्शदाता समिति ( वन पंचायत संगठन) का गठन किया गया। समिति के 11 सदस्यीय ढांचे में दीपक पांडे (रुद्रा) को सर्वसम्मति से निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। उनके अध्यक्ष निर्वाचित होने पर बैठक में उपस्थित अधिकारियों, वन विभाग की टीम और वन पंचायतों के सरपंचों ने शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि समिति वन पंचायतों से जुड़ी समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाने और उनके समाधान के लिए प्रभावी समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस दौरान वन संरक्षण, वनों के संवर्धन तथा वन पंचायतों से जुड़ी स्थानीय समस्याओं पर चर्चा करते हुए आपसी तालमेल के साथ कार्य करने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने समिति के माध्यम से वन पंचायतों के सरपंचों और संबंधित विभागों के बीच संवाद को बेहतर बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक में यह संकल्प लिया गया कि नवगठित परामर्शदाता समिति वन संरक्षण एवं संवर्धन के प्रयासों को आगे बढ़ाने के साथ-साथ स्थानीय जनसमस्याओं के समाधान के लिए समन्वित प्रयास करेगी। समिति के गठन को वन पंचायतों की समस्याओं को साझा मंच प्रदान करने और विभागीय समन्वय मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है। इस दौरान दीप चंद्र जोशी,,भगवान सिंह पिलखवाल, संतोष सिंह मेहता, गोविन्द सिंह, मोनिका जोशी, बंशीधर पांडे आदि मौजूद रहे।







