बागेश्वर। पीएम श्री विक्टर मोहन जोशी स्मारक राजकीय इंटर कॉलेज में गुरुवार को द्वितीय जनपद स्तरीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग 2025-26 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कपकोट, गरुड़ और बागेश्वर विकासखंडों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग कर अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के बाद जूनियर और सीनियर वर्ग से चार विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया।
उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यू-कॉस्ट) के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत के निर्देशन में आयोजित प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग के 24 और सीनियर वर्ग के 24 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के पहले चरण में स्क्रीनिंग टेस्ट कराया गया। इसके बाद चयनित प्रतिभागियों के बीच मुख्य मुकाबला हुआ। इसमें रैपिड फायर, मल्टीपल च्वाइस, विजुअल और बजर राउंड के माध्यम से विद्यार्थियों के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संबंधी ज्ञान की परीक्षा ली गई।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। अलग-अलग राउंड में प्रतिभागियों ने सवालों के जवाब देकर अपनी त्वरित सोच और वैज्ञानिक समझ का परिचय दिया। प्रतियोगिता का संचालन सहायक अध्यापक संगम साह ने रोचक अंदाज में किया।
जूनियर वर्ग में कक्षा आठ के आकर्ष नयाल और कंट्रीवाइड पब्लिक स्कूल बागेश्वर के कक्षा आठ के छात्र नवनीत जोशी का चयन राज्य स्तर के लिए हुआ। वहीं सीनियर वर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज बोहाला के कक्षा 10 के छात्र कृष्णा रावत तथा राजकीय इंटर कॉलेज असों के कक्षा 12 के छात्र सुभाष राम ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए स्थान बनाया।
अब चारों विद्यार्थी राज्य स्तरीय विज्ञान प्रीमियर लीग में जनपद बागेश्वर का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनके चयन पर विद्यालय के शिक्षकों एवं अन्य उपस्थित लोगों ने प्रसन्नता जताई और विद्यार्थियों को आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं जनपद विज्ञान समन्वयक दीपचन्द्र जोशी ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए। उन्होंने विद्यार्थियों की उपलब्धि की सराहना करते हुए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।








