बागेश्वर। आंगनबाड़ी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा उत्तराखंड, जिला बागेश्वर के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान रैली निकालकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की गई। बाद में पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजकर मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की अपील की।
मोर्चा ने ज्ञापन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि तथा सेवानिवृत्ति लाभ देने की मांग प्रमुखता से उठाई। कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में प्रतिदिन 140 रुपये की वृद्धि करने की मांग की। साथ ही केंद्र सरकार को भी मानदेय में 150 रुपये प्रतिदिन की बढ़ोतरी का प्रस्ताव भेजने की मांग की गई।
मोर्चा ने सेवानिवृत्त होने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बिना किसी शर्त अथवा अर्हता के 10 लाख रुपये का सेवानिवृत्ति लाभ देने की मांग भी की है।
जिला अध्यक्ष कमला दानू और भगवती जोशी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लंबे समय से आर्थिक और मानसिक परेशानियों के बीच अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की समस्याओं और मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार करते हुए जल्द सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।
मोर्चा पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।







