बागेश्वर। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्व. राजीव गांधी की 82वीं जयंती के अवसर पर नगर कांग्रेस कमेटी बागेश्वर की ओर से कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम नगर कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में नगर अध्यक्ष मनोज साह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर वक्ताओं ने स्व. राजीव गांधी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए कहा कि उन्होंने देश के विकास और आधुनिकीकरण की दिशा में कई महत्वपूर्ण एवं दूरगामी निर्णय लिए। वक्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी के कार्यकाल में मतदान की आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष की गई तथा संचार एवं तकनीकी क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल की गईं। उन्होंने पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने सहित देश को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया।
कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्व. राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेंद्र डोभाल सहित कांग्रेस के विभिन्न पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजीव गांधी की दूरदर्शी सोच आज भी देश के युवाओं और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी है। कार्यक्रम के दौरान उनके योगदान को याद करते हुए देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।








