बागेश्वर। मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार ने सरस मार्केट का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मार्केट में बिक्री के लिए रखे गए सामान की गुणवत्ता, रखरखाव और बिक्री व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों और संबंधित कर्मचारियों को सरस मार्केट में स्थानीय उत्पादों की अधिक से अधिक बिक्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने से महिला स्वयं सहायता समूहों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय स्तर पर रोजगार को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरस मार्केट को स्थानीय उत्पादों की बिक्री का बेहतर केंद्र बनाया जाए।
इसके बाद सीडीओ ने इंदिरा अम्मा भोजनालय का निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान कर्मचारियों को भोजन तैयार करते समय स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि भोजनालय में स्वच्छता और बेहतर व्यवस्थाएं बनाए रखना बेहद जरूरी है। स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन से बीमारियों का खतरा कम होगा और इसका लाभ हर वर्ग के लोगों को मिलेगा। उन्होंने भोजनालय में साफ-सफाई के मानकों का नियमित पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।







