logo

भाजपा जिला कार्यालय की धुलाई में फायर ब्रिगेड के इस्तेमाल पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, जांच की मांग

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। बागेश्वर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में बुधवार सुबह फायर ब्रिगेड का वाहन पहुंचने से चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। हालांकि वाहन आग बुझाने के लिए नहीं, बल्कि कार्यालय परिसर के फर्श पर जमी कीचड़ को साफ करने के लिए पहुंचा था। लगातार हो रही बारिश के कारण परिसर में जमा कीचड़ को हटाने के लिए फायर ब्रिगेड के वाहन से पानी की तेज धार छोड़ी गई।

इस घटना का वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद कांग्रेस नेताओं ने सरकारी संसाधनों के उपयोग को लेकर सवाल उठाए हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

यह भी पढ़ें 👉  रामगंगा पर पुल नहीं, ट्रॉली के सहारे जान जोखिम में डाल रहे ग्रामीण,बरसात में बढ़ी परेशानी, पूर्व विधायक ने सरकार पर लगाया उपेक्षा का आरोप

पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण ने कहा कि एक ओर मंडलसेरा क्षेत्र के लोग बारिश और जलभराव की समस्याओं से जूझ रहे हैं, जबकि दूसरी ओर सरकारी विभागों के संसाधनों का उपयोग भाजपा कार्यालय की सफाई में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आपदा के समय फायर ब्रिगेड जैसे संसाधनों की आवश्यकता आम जनता की सुरक्षा के लिए होती है। ऐसे में किसी राजनीतिक दल के कार्यालय की सफाई के लिए उनका इस्तेमाल कई सवाल खड़े करता है। फर्स्वाण ने कहा कि यदि जिला प्रशासन इस मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करता है, तो कांग्रेस लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण आंदोलन करने पर विचार करेगी।
वही पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष भगवत सिंह डसीला ने कहा कि मंडलसेरा क्षेत्र में भाजपा कार्यालय के सामने से गुजरने वाला मार्ग बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की आवाजाही का प्रमुख रास्ता है। उनका आरोप है कि फायर विभाग और जल संस्थान जैसे सरकारी संसाधनों का उपयोग भाजपा कार्यालय की धुलाई और सफाई के लिए किया गया, जबकि कई क्षेत्रों में लोग पेयजल, सिंचाई और आपदा राहत जैसी बुनियादी समस्याओं से जूझ रहे हैं। डसीला ने कहा कि जनता के टैक्स से संचालित सरकारी संसाधनों का उपयोग पूरी निष्पक्षता और जनहित में होना चाहिए। यदि इन संसाधनों का इस्तेमाल किसी राजनीतिक दल के हित में किया जाता है, तो इससे प्रशासन की निष्पक्षता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने भी पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  पेपर लीक मामले में UKD का हल्ला बोल, बागेश्वर में निकाली आक्रोश रैली, केंद्रीय शिक्षा मंत्री और धन सिंह रावत का पुतला फूंका
Ad
Share on whatsapp