तीन वाहन सीज, सत्यापन के बिना रह रहे 12 लोगों पर पुलिस एक्ट में कार्रवाई
बागेश्वर। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर अंकुश लगाने के लिए बागेश्वर पुलिस का अभियान जारी है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने 24 अक्टूबर को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 50 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। इनमें तीन वाहनों को सीज किया गया, जबकि दो वाहनों के चालान न्यायालय के लिए किए गए।
पुलिस ने देर शाम ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत होटल और ढाबों में भी चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन की कार्रवाई करते हुए पांच लोगों का सत्यापन किया गया। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था भंग करने और पुलिस सत्यापन के बिना रह रहे 12 व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार चेकिंग की जा रही है। बाहरी क्षेत्रों से आकर पहचान छिपाने या संदिग्ध परिस्थितियों में रहने वाले व्यक्तियों को चिह्नित करने के लिए भी पुलिस सतर्कता बरत रही है।
बागेश्वर पुलिस ने आम जनता से यातायात नियमों का पालन करने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने और सार्वजनिक स्थानों पर शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि हुड़दंग या अशांति फैलाने वाली गतिविधियों की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को दें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।







