बागेश्वर। डंगोली कोट भ्रामरी मेले में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। 17 से 19 सितंबर तक मेला क्षेत्र में विशेष यातायात प्लान लागू रहेगा। कोट मंदिर परिसर को सभी प्रकार के वाहनों के लिए जीरो जोन घोषित किया गया है। वहीं, विभिन्न मार्गों से आने वाले वाहनों को निर्धारित बैरियरों पर रोककर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
पुलिस के अनुसार डांक बंगला तिराहा से कोट मंदिर परिसर की ओर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। मंदिर की ओर आने वाले वाहनों को कज्यूली प्राइमरी स्कूल मैदान तथा सड़क के एक तरफ पार्क कराया जाएगा।
17 सितंबर को शाम पांच बजे से डंगोली तिराहा से डांक बंगला तिराहा कोट मंदिर के बीच भी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। कज्यूली मार्ग पर पार्क किए गए वाहनों को कज्यूली गैस गोदाम मार्ग से टीट बाजार की ओर निकाला जाएगा।
अलग-अलग मार्गों पर बनाए बैरियर
बैजनाथ की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के चौपहिया वाहनों को श्री बलवंत सिंह भंडारी के आवास के पास बनाए गए बैरियर पर रोका जाएगा। यहां सवारियों को उतारने के बाद वाहनों को हाईडिल कार्यालय से नीचे की ओर सड़क के एक तरफ पार्क कराया जाएगा। दोपहिया वाहनों के लिए अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
वहीं, ग्वालदम और घेटी मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं के चौपहिया वाहनों को सिंगर होटल, घांघली तिराहे के पास बनाए गए बैरियर पर रोका जाएगा। सवारियां उतारने के बाद ग्वालदम मार्ग के वाहनों को ग्वालदम रोड तथा घेटी मार्ग के वाहनों को घेटी रोड पर सड़क के एक तरफ पार्क कराया जाएगा।
वज्यूला मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को भी निर्धारित बैरियर पर रोककर चौपहिया वाहनों से सवारियां उतारी जाएंगी। दोपहिया वाहनों को वापस मार्ग पर सड़क के एक तरफ पार्क कराया जाएगा।
बड़े वाहनों के लिए काफिले की व्यवस्था
मेले के दौरान ग्वालदम से बैजनाथ और बैजनाथ से ग्वालदम की ओर सीधे जाने वाले बड़े वाहनों को दोनों ड्यूटी प्वाइंट से बारी-बारी काफिले के रूप में भेजा जाएगा। बैजनाथ तिराहे से भेजे गए वाहनों के घांघली तिराहा पार करने के बाद ही घांघली तिराहे से बैजनाथ की ओर वाहनों को रवाना किया जाएगा।
पुलिस ने बलवंत सिंह भंडारी के आवास के पास स्थित बैरियर से स्व. पंकज गोस्वामी के आवास के पास ग्वालदम रोड के बीच मुख्य सड़क पर वाहन पार्किंग प्रतिबंधित की है।
भीड़ बढ़ी तो पूरी तरह बंद हो सकता है प्रवेश
पुलिस के अनुसार मेले के दौरान अत्यधिक भीड़ अथवा आकस्मिक परिस्थितियों में बैजनाथ तिराहा और घांघली तिराहे से मेला क्षेत्र में सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया जा सकता है।
यहां होगी पार्किंग
मेले में आने वाले दुकानदारों और श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए हाईडिल कार्यालय मोड़ से ऊपर स्थित मैदान तथा वज्यूला मार्ग के ऊपर स्थित पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। बैजनाथ मार्ग से आने वाले दोपहिया वाहनों के लिए बलवंत सिंह भंडारी के आवास की छत पर पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा डंगोली तिराहा से आगे लीसा डिपो मैदान में अन्य दोपहिया वाहन पार्क किए जाएंगे।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।







