स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने पर जोर
बागेश्वर। संवाददाता। मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार ने बुधवार को कपकोट विकासखंड के सुदूरवर्ती शामा-लीती क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न विकास योजनाओं और गतिविधियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों, काश्तकारों और स्थानीय उद्यमियों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
सीडीओ ने ग्राम लीती में खीम सिंह की दो एकड़ भूमि में स्थापित कीवी उद्यान एवं पॉलीहाउस का निरीक्षण किया। वहीं शामा में भवान सिंह की 10 नाली भूमि में स्थापित कीवी उद्यान का भी जायजा लिया। उन्होंने काश्तकारों से कीवी उत्पादन, गुणवत्ता और विपणन की जानकारी लेते हुए उत्पादन बढ़ाने के साथ ही बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
ग्राम नौकोड़ी में प्रस्तावित कोल्ड स्टोरेज के लिए चयनित भूमि का भी विभागीय अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया गया। सीडीओ ने कहा कि स्थानीय स्तर पर उत्पादित फलों और अन्य कृषि उत्पादों के बेहतर भंडारण की व्यवस्था से किसानों को लाभ मिल सकता है।
इसके बाद सीडीओ ने ग्रामोत्थान (REAP) परियोजना के तहत संचालित एवं वित्तपोषित लघु उद्यमों, सीबीओ स्तरीय उद्यमों (WSE) और डेयरी इकाइयों का निरीक्षण किया। उन्होंने इन इकाइयों की प्रगति, आय और रोजगार सृजन की स्थिति की जानकारी ली।
ट्राउट उत्पादन की भी ली जानकारी
ग्राम लीती में मत्स्य विभाग की ओर से क्लस्टर स्तर पर संचालित रेनबो ट्राउट मत्स्य पालन टैंकों का निरीक्षण भी किया गया। सीडीओ ने काश्तकारों से ट्राउट उत्पादन क्षमता, आहार प्रबंधन और विपणन की जानकारी ली। उन्होंने किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी कपकोट, उद्यान विभाग के अधिकारी, जिला परियोजना प्रबंधक REAP, जिला मत्स्य निरीक्षक समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।







