बागेश्वर। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भाजपा विधायक की पत्नी द्वारा किए गए हालिया खुलासों के बाद जिले की राजनीति गरमा गई है। इसी क्रम में कांग्रेस कार्यकर्ता आक्रामक मोड में नजर आए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अर्जुन भट्ट के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने एसबीआई तिराहे पर भाजपा नेता दुष्यंत गौतम और प्रदेश सरकार का पुतला दहन कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर मामले को दबाने और सच्चाई से जनता को दूर रखने का आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की और कहा कि अब वे बातें सामने आ रही हैं, जिन्हें लेकर पहले ही सवाल उठाए जा रहे थे।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अर्जुन भट्ट ने कहा कि अंकिता भंडारी मामले में जिन आशंकाओं को कांग्रेस शुरू से उठा रही थी, आज वे सही साबित होती दिख रही हैं। भाजपा विधायक की पत्नी के खुलासे ने पूरे मामले को झकझोर दिया है। सरकार ने यदि अब भी सच्चाई छिपाने की कोशिश की तो कांग्रेस सड़कों से लेकर अदालत तक संघर्ष करेगी।
पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा ने सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि यह केवल एक हत्या का मामला नहीं, बल्कि सत्ता के संरक्षण में अपराध को दबाने की कोशिश का उदाहरण है। इस प्रकरण की जांच किसी स्थानीय एजेंसी से नहीं, बल्कि पूर्व न्यायाधीश या वर्तमान जज की निगरानी में सीबीआई से कराई जानी चाहिए, ताकि सच सामने आ सके।
पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण ने कहा कि प्रदेश सरकार की भूमिका शुरू से संदिग्ध रही है। आज जो खुलासे हो रहे हैं, उनसे साफ है कि बड़े लोगों को बचाने की कोशिश की गई। मुख्यमंत्री नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें, तभी जनता को न्याय की उम्मीद बंधेगी। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी ने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस हर स्तर पर लड़ाई लड़ेगी। यह मुद्दा राजनीति से ऊपर है। जब तक दोषियों को सजा नहीं मिलती, हमारा आंदोलन जारी रहेगा।
कांग्रेस नेताओं ने एक सुर में मांग की कि पूरे मामले की सीबीआई जांच कराई जाए और इसकी निगरानी पूर्व या वर्तमान न्यायाधीश करें, ताकि किसी भी तरह का राजनीतिक दबाव न रहे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने जिस तरह से मामले को हैंडल किया है, उससे जनता का भरोसा टूटा है। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि जल्द निष्पक्ष जांच की घोषणा नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष भगवत सिंह डसीला,लोकमणि पाठक,ललित गोस्वामी,गोपा धपोला,कुंदन गोस्वामी,बालकृष्ण,ललित बिष्ट,सरिता आर्य आदि मौजूद रहे।








