बागेश्वर। जनपद को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली बैजनाथ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम चौरसो, तहसील गरुड़ में अवैध रूप से उगाई गई लगभग आधी नाली भांग की फसल को उखाड़कर नष्ट कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड के दिशा-निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के नेतृत्व में जनपद भर में “नशे के विरुद्ध अभियान” चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली बैजनाथ पुलिस टीम ने ग्राम चौरसो में अभियान चलाकर भांग की अवैध खेती के खिलाफ कार्रवाई की और मौके पर ही फसल को पूरी तरह नष्ट कर दिया।
कार्रवाई के बाद पुलिस टीम ने स्थानीय ग्रामीणों एवं युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों की बिक्री, तस्करी अथवा अवैध खेती को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पुलिस ने आमजन से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं नशा तस्करी, अवैध खेती या नशीले पदार्थों के कारोबार की सूचना मिले तो इसकी जानकारी तत्काल मानस पोर्टल हेल्पलाइन नंबर 1933 अथवा नजदीकी पुलिस को दें। जनपद को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस और आम जनता की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया गया है।







