बागेश्वर। हल्द्वानी में 26 से 28 सितंबर तक आयोजित स्कूल स्टेट बॉक्सिंग प्रतियोगिता में बागेश्वर की दो युवा महिला मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। गड़िया बॉक्सिंग क्लब की खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का दम दिखाते हुए एक स्वर्ण और एक रजत पदक हासिल किया।
प्रतियोगिता के 52 से 54 किलोग्राम भार वर्ग में गड़िया बॉक्सिंग क्लब की खिलाड़ी भूमिका बसेड़ा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। भूमिका डॉ. विक्टर मोहन जोशी इंटर कॉलेज बागेश्वर में अध्ययनरत हैं। उनके पिता का नाम प्रकाश सिंह बसेड़ा है। मूल रूप से कपकोट क्षेत्र के किलपारा गांव की रहने वाली भूमिका वर्तमान में मंडलसेरा, बागेश्वर में रहकर गड़िया बॉक्सिंग क्लब में प्रशिक्षण ले रही हैं।
वहीं 50 से 52 किलोग्राम भार वर्ग में जया कोरंगा ने रजत पदक हासिल किया। जया सरस्वती शिशु मंदिर, बागेश्वर में अध्ययनरत हैं। उनके पिता का नाम चंदन सिंह कोरंगा है। मूल रूप से कपकोट की रहने वाली जया भी वर्तमान में मंडलसेरा में रहकर गड़िया बॉक्सिंग क्लब में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।
गड़िया बॉक्सिंग क्लब के खिलाड़ियों का प्रदर्शन जिला और राज्य स्तर तक ही सीमित नहीं है। क्लब के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी पदक जीतकर बागेश्वर का नाम रोशन कर चुके हैं। खिलाड़ियों की लगातार उपलब्धियों से जिले में बॉक्सिंग के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ रहा है।
भूमिका और जया की सफलता पर उनके परिजनों, विद्यालय के शिक्षकों और गड़िया बॉक्सिंग क्लब के प्रशिक्षक उमेश सिंह गड़िया ने खुशी जताई। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। खिलाड़ियों की सफलता को कड़ी मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास का परिणाम बताया गया।







