बागेश्वर। राजकीय इंटर कॉलेज काफलीगैर में राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर एनएसएस का एक दिवसीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विद्यार्थियों को समाजसेवा, स्वच्छता और स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वयंसेवकों के स्वच्छता अभियान से हुई। विद्यार्थियों ने श्रमदान कर विद्यालय परिसर की सफाई की और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद भाषण और चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई।
भाषण प्रतियोगिता में कृष्णा जोशी ने प्रथम, गुंजन बिष्ट ने द्वितीय और प्रीति भट्ट ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में साक्षी रौतेला प्रथम, आदित्य लाल द्वितीय और सुजल कुमार तृतीय रहे।
एनएसएस के जनपद एवं कुमाऊं मंडल समन्वयक राजीव निगम ने कहा कि रक्तदान जरूरतमंद को नया जीवन देने का माध्यम है। उन्होंने युवाओं से रक्तदान को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने और स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया।
एनसीसी प्रभारी संजय सिंह जनौटी और शिक्षक कैलाश कुमार मेहता ने विद्यार्थियों को अनुशासन, सेवा भावना और नियमित स्वास्थ्य देखभाल के महत्व की जानकारी दी।
कार्यक्रम का संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डौली जोशी ने किया। समापन पर उन्होंने अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।






