logo

मानव–वन्यजीव संघर्ष नियंत्रण को लेकर बागेश्वर वन प्रभाग की सक्रिय पहल, विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता व गश्त अभियान

खबर शेयर करें -

बागेश्वर : प्रभागीय वनाधिकारी आदित्य रत्न के निर्देशन में बागेश्वर वन प्रभाग द्वारा मानव–वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को न्यूनतम एवं नियंत्रित करने के उद्देश्य से प्रभाग अंतर्गत विभिन्न वन क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जागरूकता, गश्त एवं प्रशिक्षण संबंधी गतिविधियां संचालित की गईं।

गढ़खेत वन क्षेत्र

गढ़खेत वन क्षेत्र में राजकीय इंटर कॉलेज वज्यूला के छह छात्रों के साथ वन क्षेत्राधिकारी गढ़खेत के नेतृत्व में वनाग्नि से संबंधित कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्रों को वनाग्नि के कारण, प्रभाव एवं रोकथाम के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही छात्रों को वन नर्सरी का भ्रमण भी कराया गया, जिससे उन्हें वनों के संरक्षण और संवर्धन की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।

यह भी पढ़ें 👉  नरगड़ा में 11 केवी लाइन का तार टूटा, पूरे क्षेत्र की बिजली गुल पांकड़ में पेड़ गिरने से हर्षिला फीडर भी हुआ ब्रेकडाउन, बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटा विभाग

धरमघर वन क्षेत्र

धरमघर वन क्षेत्र के गुलदार प्रभावित क्षेत्र महरूडी में वन विभाग द्वारा लाउडस्पीकर के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया गया। इस दौरान गुलदार एवं भालू से सुरक्षा के उपाय, सतर्कता बरतने और आपात स्थिति में विभाग को सूचना देने के संबंध में आवश्यक जानकारियां दी गईं।

बागेश्वर वन क्षेत्र

बागेश्वर वन क्षेत्र के छतीना अनुभाग अंतर्गत ग्राम छाती मनकोट में मानव–वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम हेतु वन विभाग की टीम द्वारा गश्त अभियान चलाया गया। गश्त के दौरान ग्रामीणों से बीते दिनों में तेंदुए की गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली गई। ग्रामीणों ने बताया कि बीती रात आबादी के समीप तेंदुआ दिखाई दिया था, जिसे शोर मचाकर भगाया गया।

यह भी पढ़ें 👉  भारी बारिश में भी डटे रहे फते सिंह करायत,12वें दिन भी जारी रहा क्रमिक अनशन

इसके पश्चात वन विभाग की टीम द्वारा राजकीय वाहन के माध्यम से जन-जागरूकता अभियान चलाते हुए ग्रामीणों को सुरक्षा से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। ग्राम छाती मनकोट में प्रातःकालीन गश्त भी की गई। वहीं भनारतोली गुलदार प्रभावित क्षेत्र में एनाइडर (पिंजरा) लगाया गया तथा गश्त के साथ ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए जागरूक किया गया।

बैजनाथ वन क्षेत्र

बैजनाथ रेंज अंतर्गत मानव–वन्यजीव संघर्ष न्यूनीकरण एवं वनाग्नि प्रबंधन को लेकर भी महत्वपूर्ण गतिविधियां आयोजित की गईं।
हंस फाउंडेशन के साथ समन्वय स्थापित कर गरुड़ ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों के छात्रों द्वारा डंगोली लीसा डिपो की दीवारों पर पेंटिंग कर वनों को आग से बचाने का सशक्त संदेश दिया गया।
गश्ती दल द्वारा डंगोली, ग्वार, कंधार एवं सिरकोट क्षेत्रों में नियमित गश्त कर आमजन से वन्यजीवों के प्रति सतर्क रहने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की जा रही है।
वन विभाग द्वारा किए जा रहे इन प्रयासों से ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ रही है तथा मानव–वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को नियंत्रित करने में मदद मिल रही है।

Share on whatsapp