दो मुख्य आरक्षियों को मिली पदोन्नति, बने अपर उप निरीक्षक
एसपी जितेंद्र मेहरा ने स्टार लगाकर दी नई जिम्मेदारी की शुभकामनाएं
बागेश्वर। पुलिस विभाग की अभिसूचना इकाई में तैनात दो मुख्य आरक्षियों को पदोन्नति मिली है। राजेश चंद्र पांडेय और मनोज कुमार पांडेय को मुख्य आरक्षी से अपर उप निरीक्षक के पद पर पदोन्नत किया गया है।
बुधवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा ने दोनों पुलिसकर्मियों को पदोन्नति पर बधाई दी। उन्होंने पदोन्नति के साथ बढ़ी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ निर्वहन करने की अपेक्षा जताई। साथ ही नए दायित्व के लिए दोनों को शुभकामनाएं दीं।
अपर उप निरीक्षक पद पर पदोन्नत राजेश चंद्र पांडेय वर्ष 2012 में आरक्षी के पद पर पुलिस विभाग में नियुक्त हुए थे। वर्ष 2022 में उन्हें मुख्य आरक्षी के पद पर पदोन्नति मिली थी। अब विभागीय पदोन्नति के बाद उन्हें अपर उप निरीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं मनोज कुमार पांडेय वर्ष 2001 में आरक्षी के पद पर पुलिस विभाग में नियुक्त हुए थे। वर्ष 2022 में उन्हें मुख्य आरक्षी बनाया गया था। अब पदोन्नति के बाद वह अपर उप निरीक्षक के रूप में नई जिम्मेदारी संभालेंगे।
पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों पदोन्नत पुलिसकर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।








