बागेश्वर। राष्ट्रीय पोषण माह के तहत बाल विकास परियोजना बागेश्वर की ओर से जागरूकता रैली निकाली गई। रैली परियोजना कार्यालय से शुरू होकर चौरासी, भीटालगांव, नुमाइश खेत समेत विभिन्न क्षेत्रों से गुजरी। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने स्थानीय लोगों को पोषण के महत्व की जानकारी देते हुए स्वस्थ खान-पान के प्रति जागरूक किया। रैली में लोगों से बच्चों और परिवार के आहार में पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करने तथा जंक फूड से दूरी बनाए रखने की अपील की गई। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने कहा कि बच्चों के बेहतर शारीरिक और मानसिक विकास के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार बेहद जरूरी है। साथ ही लोगों को पोषण संबंधी आदतों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर सुनीता वर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय पोषण माह का उद्देश्य लोगों को पोषण के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करना है। बच्चों को बचपन से ही संतुलित और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाना जरूरी है।
वन स्टॉप सेंटर की षष्ठी कांडपाल प्रबंधक ने कहा कि स्वस्थ शरीर और बेहतर भविष्य के लिए पोषण सबसे जरूरी आधार है। बच्चों, महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से पोषण संबंधी संदेशों को अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाने की अपील की।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नीमा खेतवाल ने कहा कि जागरूकता अभियान का असली मकसद बच्चों के आहार में पौष्टिक खाद्य पदार्थों की वृद्धि करना है। उन्होंने कहा कि अभिभावकों को बच्चों के भोजन पर विशेष ध्यान देना चाहिए और जंक फूड के बजाय पौष्टिक एवं स्थानीय खाद्य पदार्थों को प्राथमिकता देनी चाहिए।
रैली के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने स्थानीय लोगों से संवाद कर उन्हें पोषण संबंधी जानकारी दी और बच्चों के स्वस्थ विकास में संतुलित आहार की भूमिका समझाई।








