बागेश्वर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा की ओर से बृहद रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं ने पहुंचकर रक्तदान किया और सामाजिक सेवा में भागीदारी निभाई।
शिविर में युवाओं में रक्तदान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। युवा मोर्चा पदाधिकारियों ने कहा कि रक्तदान जरूरतमंदों के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। शिविर के दौरान रक्तदाताओं का पंजीकरण एवं आवश्यक स्वास्थ्य जांच के बाद रक्तदान कराया गया।
युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष आदर्श कठायत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत लगातार विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बृहद रक्तदान शिविर लगाया गया है। उन्होंने कहा कि शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं ने भागीदारी की और उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।
उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को आगे भी प्राथमिकता के साथ आयोजित करता रहेगा। रक्तदान के लिए आगे आए सभी युवाओं का उन्होंने आभार व्यक्त किया। इस दौरान हरीश मेहरा,पूरन नगरकोटी,कमल सिंह बिष्ट,योगेश मेहता,गोविंद कपकोटी,पवन परिहार, रंजीत दास आदि मौजूद रहे।







