बागेश्वर: सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के कुलपति के खिलाफ भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने एक बार फिर मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को छात्र कार्यकर्ताओं ने बीडी पांडेय कैंपस के गेट पर प्रदर्शन कर कुलपति का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए विश्वविद्यालय में कथित राजनीतिक हस्तक्षेप और छात्रहितों की अनदेखी पर नाराजगी जताई।
प्रदर्शन कर रहे छात्र नेताओं ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय के कुलपति भाजपा के पक्ष में काम कर रहे हैं, जिससे संस्थान की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों को राजनीतिक प्रभाव से मुक्त रखते हुए छात्रहितों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि विश्वविद्यालय के कथित राजनीतिकरण और छात्रहितों की अनदेखी के खिलाफ उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से शैक्षणिक संस्थान की निष्पक्षता बनाए रखने और छात्रों की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देने की मांग की।
इस मौके पर छात्र महासंघ महासचिव नीरज जोशी, प्रेम सिंह दानू, राहुल कुमार, सुशांत खलपटिया, अक्षय, मनीषा सहित अन्य छात्र मौजूद रहे।







