logo

टीबी के खिलाफ जंग में उतरे युवा, बागेश्वर में ‘JOSH’ कार्यक्रम का शुभारंभ

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। जनपद को टीबी मुक्त बनाने के अभियान को गति देने और युवाओं को टीबी उन्मूलन की मुहिम से जोड़ने के उद्देश्य से गुरुवार को ‘JOSH’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा की उपस्थिति में किया गया, जिसके क्रम में बागेश्वर में भी कार्यक्रम आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक पार्वती दास तथा विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या मौजूद रहीं। कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा अधिकारी की उपस्थिति में आयोजित किया गया। इस दौरान NCC कैडेट्स, MY Bharat Volunteers, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और समुदाय की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाना, संभावित मरीजों को जांच के लिए प्रेरित करना तथा बीमारी को लेकर समाज में व्याप्त भ्रांतियों और कलंक को दूर करना है। वक्ताओं ने कहा कि टीबी की समाप्ति केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता जरूरी है।
युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा गया कि NCC कैडेट्स और स्वयंसेवक गांवों, विद्यालयों, महाविद्यालयों और समुदाय के बीच पहुंचकर लोगों को टीबी के लक्षणों, जांच और उपचार के प्रति जागरूक करेंगे। साथ ही संभावित मरीजों को जांच के लिए प्रेरित करने और उपचार ले रहे मरीजों का मनोबल बढ़ाने में भी सहयोग करेंगे।
कार्यक्रम में टीबी के प्रमुख लक्षणों, समय पर जांच, नियमित उपचार और निक्षय पोर्टल के माध्यम से मरीजों के पंजीकरण की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि दो सप्ताह या उससे अधिक समय तक खांसी, लगातार बुखार, वजन कम होना, रात में पसीना आना, भूख कम लगना या लगातार कमजोरी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर आवश्यक जांच कराना जरूरी है।
कार्यक्रम में आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. निष्ठा कोहली शर्मा, ADPRO बागेश्वर कैलाश गिरी, कैप्टन मोहन सिंह धामी, सुनील कुमार सहित NCC कैडेट्स एवं MY Bharat Volunteers ने सक्रिय भागीदारी की। स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. अमित मिश्रा, डॉ. आशुतोष तिवारी, डॉ. चंद्र शेखर पाठक और डॉ. रिया लोहुमी सहित अधिकारी-कर्मचारी तथा बागेश्वर ब्लॉक के समस्त CHO मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों, स्वास्थ्य कर्मियों, NCC कैडेट्स और MY Bharat Volunteers ने टीबी मुक्त बागेश्वर और टीबी मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। आयोजकों ने कहा कि जनभागीदारी, समय पर जांच, नियमित उपचार और व्यापक जागरूकता के सामूहिक प्रयासों से ही टीबी को जड़ से समाप्त किया जा सकता है।

Share on whatsapp