–
– राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट और ब्लॉक प्रमुख किशन बोरा ने किया शुभारंभ
बागेश्वर गरुड़ : युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग, गरुड़ द्वारा विकासखंड स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन ब्लॉक प्रांगण गरुड़ में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्य दर्जा मंत्री शिव सिंह बिष्ट और विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख किशन बोरा ने दीप प्रज्वलित कर किया।
महोत्सव में युवाओं ने पारंपरिक संस्कृति की मनमोहक छटा बिखेरी। लोकगीत सामूहिक, लोकनृत्य सामूहिक और भाषण प्रतियोगिताओं में युवाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
लोकगीत प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कॉलेज गरुड़ ने प्रथम, राजकीय इंटर कॉलेज वज्यूला ने द्वितीय और सनराइज पब्लिक स्कूल घांघली ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
लोकनृत्य प्रतियोगिता में रा.उ.मा.वि. वज्यूला प्रथम, रा.उ.मा.वि. कोटफुलवाड़ी द्वितीय तथा सनराइज पब्लिक स्कूल घांघली तृतीय रही।
भाषण प्रतियोगिता में करूणा तिवारी (रा.इ.का. वज्यूला) ने प्रथम और दिव्यांशु सती (रा.इ.का. कौसानी) ने द्वितीय स्थान हासिल किया। निर्णायक मंडल में कैलाश चंद्र जोशी, मनोज जोशी और चंदन गिरी शामिल रहे। संचालन नारायण सिंह किरमोलिया ने किया।
कार्यक्रम में क्षेत्र पंचायत सदस्य लक्ष्मण कुमार, खण्ड विकास अधिकारी बी.बी. जोशी, ग्राम प्रधान थाकला विजय गिरी, ग्राम प्रधान नौगांव त्रिलोक सिंह बुटोला, राजेन्द्र पांडे, भगवान सिंह, दीपा मेहरा, नवीन चंद्र, बोधन गिरी व जीवन लाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में मंत्री बिष्ट ने विजेताओं को पुरस्कृत किया और कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं। उन्होंने जनपद व राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं। क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी रविन्द्र कोहली ने बताया कि प्रथम स्थान प्राप्त टीमें जनपद स्तरीय युवा महोत्सव में गरुड़ ब्लॉक का प्रतिनिधित्व करेंगी।








