बागेश्वर। पिथौरागढ़ जिले के डाडल गांव निवासी चंपा देवी पर सोमवार शाम भालू ने हमला कर दिया। हमले में घायल महिला को ग्रामीण देर रात जिला अस्पताल बागेश्वर लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार महिला की हालत में लगातार सुधार हो रहा है।प्रभागीय वनाधिकारी प्रकाश चंद्र आर्य और पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण जिला अस्पताल पहुंचे और घायल महिला का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से महिला को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने को कहा। वहीं, वन विभाग की टीम ने घटना की जानकारी लेते हुए पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। महिला का उपचार कर रहे चिकित्सक डॉ. विदित पांडेय ने बताया कि चंपा देवी की हालत में लगातार सुधार हो रहा है। फिलहाल उन्हें किसी दूसरे अस्पताल में रेफर करने की आवश्यकता नहीं है और जिला अस्पताल में ही उनका उपचार संभव है। वन विभाग की टीम घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है।







