बागेश्वर : कपकोट के पाकड़ गांव में शनिवार सुबह घास काटने गई 65 वर्षीय महिला पर ततैयों ने हमला कर दिया। ततैयों के डंक से महिला घायल हो गई, जिसके बाद परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट लेकर पहुंचे। समय पर उपचार मिलने से महिला की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पाकड़ निवासी कमला देवी पत्नी हयात सिंह मेहरा शनिवार सुबह करीब 10 बजे अपने आंगन में घास काटने गई थीं। इसी दौरान अचानक ततैयों ने उन पर हमला कर दिया। ततैयों के डंक से घायल कमला देवी को परिजन तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक डॉ. पीयूष ने उनका उपचार किया। डॉ. पीयूष ने बताया कि महिला की हालत अब खतरे से बाहर है। उन्होंने कहा कि इस तरह के मामलों में समय पर उपचार मिलना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि इन दिनों ततैया समेत अन्य कीटों के काटने की घटनाएं बढ़ रही हैं। ऐसी स्थिति में प्रभावित व्यक्ति को घरेलू नुस्खे अपनाने के बजाय तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाना चाहिए।
वन विभाग को पहले दी थी जानकारी
घायल महिला के बेटे सुंदर सिंह मेहरा ने बताया कि क्षेत्र में ततैयों का छत्ता होने की जानकारी पूर्व में वन विभाग को दी गई थी। उन्होंने कहा कि गनीमत रही कि ततैयों ने बच्चों को निशाना नहीं बनाया। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से क्षेत्र में बने ततैयों के छत्तों को लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।







