logo

जुनायल क्षेत्र में सड़क का अलाइनमेंट बदलने पर ग्रामीणों में नाराजगी, डीएम से शिकायत

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। उडियार-जुनायल-ग्वातोली मोटर मार्ग के निर्माण में पूर्व निर्धारित सर्वे और अलाइनमेंट का पालन नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए जुनायल क्षेत्र के प्रभावित परिवारों और काश्तकारों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने मांग की कि सड़क का निर्माण पूर्व में किए गए सर्वे, अलाइनमेंट, माप और जांच के आधार पर ही कराया जाए।
ग्रामीणों के अनुसार, लोक निर्माण विभाग कपकोट द्वारा मोटर मार्ग के किमी 0 से 7.75 तक निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है। अब किमी 7.75 से आगे सड़क का निर्माण होना है। आरोप है कि विभाग पूर्व में तय किए गए अलाइनमेंट के अनुसार निर्माण कराने के बजाय मार्ग का अलाइनमेंट बदलकर दूसरे स्थान से सड़क बना रहा है। इससे प्रभावित परिवारों की बड़ी मात्रा में कृषि भूमि और आवासीय भवनों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने इस मामले में कई बार लोक निर्माण विभाग कपकोट को पत्राचार के माध्यम से अवगत कराया, लेकिन इसके बावजूद नए सिरे से अलाइनमेंट कर निर्माण कार्य किया जा रहा है। इससे क्षेत्र के काश्तकारों और प्रभावित परिवारों में रोष है।
ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप करते हुए संबंधित विभाग को पूर्व में किए गए सर्वे, अलाइनमेंट, माप और जांच के अनुसार ही सड़क निर्माण कराने के निर्देश देने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में मनोहर दत्त जोशी, विश्वंभर दत्त जोशी, दीवान राम, त्रिभुवन जोशी, हरीश राम, आनंद राम, ख्याली दत्त जोशी, नंदकिशोर जोशी और उमाशंकर जोशी आदि शामिल रहे।

Share on whatsapp