बागेश्वर। नगर पालिका परिषद बागेश्वर के 11 वार्डों में प्रस्तावित जनगणना कार्य को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। जनगणना के सफल संचालन के लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी सभागार में 19 से 21 नवंबर तक प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हो गया है। इसमें कुल 40 प्रगणक एवं पर्यवेक्षक प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रशिक्षण मास्टर ट्रेनर संगम साह द्वारा दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना के द्वितीय चरण की प्रक्रिया और कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। बताया गया कि 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना प्रक्रिया संचालित होगी। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे।
प्रशिक्षण में परिवारों से पूछे जाने वाले 40 प्रश्नों, सही तरीके से जानकारी जुटाने, आंकड़ों के संकलन, उनकी शुद्धता बनाए रखने और बेघर परिवारों की गणना के बारे में विस्तार से समझाया जा रहा है। इसके साथ ही प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को पीई ऐप इंस्टॉल करने, लॉगिन करने तथा इसके विभिन्न विकल्पों के उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
मास्टर ट्रेनर संगम साह ने जनगणना कार्य में सटीकता, पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार तक पहुंच सुनिश्चित करना आवश्यक है, ताकि नगर पालिका के सभी 11 वार्डों में जनगणना का कार्य व्यवस्थित और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराया जा सके।







