logo

डायट बागेश्वर में इंडक्शन प्रशिक्षण के द्वितीय दिवस पर विद्यालयी शिक्षा संरचना व आकलन पर हुई गहन चर्चा

खबर शेयर करें -

बागेश्वर: जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) बागेश्वर में माध्यमिक स्तर के नवनियुक्त शिक्षकों के लिए आयोजित पाँच दिवसीय इंडक्शन प्रशिक्षण (द्वितीय बैच) के द्वितीय दिवस मंगलवार को विभिन्न महत्वपूर्ण शैक्षणिक सत्रों का आयोजन किया गया।
प्रथम सत्र में संदर्भदाता मनीष कर्नाटक ने ‘विद्यालयी शिक्षा की संरचना’ विषय पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने नई शिक्षा नीति के अनुरूप विद्यालयी शिक्षा के विभिन्न चरणों और उनकी कार्यप्रणाली से प्रतिभागियों को अवगत कराया।
द्वितीय सत्र में केआरपी जितेन्द्र कुमार जोशी ने ‘आकलन क्या, क्यों, कैसे और प्रश्नपत्र निर्माण’ विषय पर व्यावहारिक सत्र लिया। उन्होंने विद्यार्थियों के समग्र मूल्यांकन की तकनीकों और दक्षता आधारित संतुलित प्रश्नपत्र तैयार करने के बिंदुओं को स्पष्ट किया।
तृतीय सत्र में कार्यक्रम समन्वयक डॉ. संदीप कुमार जोशी ने ‘राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की रूपरेखा (विद्यालयी शिक्षा)-2023 एवं राज्य पाठ्यचर्या की रूपरेखा के आलोक में शिक्षकों की भूमिका’ विषय पर संवाद किया। उन्होंने शिक्षकों से एनसीएफ-2023 के उद्देश्यों को कक्षा-कक्ष की शिक्षण प्रक्रिया में प्रभावी रूप से लागू करने का आह्वान किया।
चतुर्थ एवं अंतिम सत्र में केआरपी श्रीमती प्रियंका पन्त ने ‘नवीन पाठ्यपुस्तकों का अभिमुखीकरण एवं शिक्षणशास्त्र’ पर सत्र संचालित किया। उन्होंने नवीन पाठ्यपुस्तकों की विशेषताओं और रोचक शिक्षण विधियों के माध्यम से अध्यापन को प्रभावी बनाने के गुर सिखाए।
प्रशिक्षण में जनपद के 52 नवनियुक्त शिक्षक प्रतिभाग कर रहे हैं। कार्यक्रम का समन्वयन डॉ. संदीप कुमार जोशी द्वारा किया गया। इस अवसर पर संस्थान के संकाय सदस्य एवं संदर्भदाता उपस्थित रहे।

Share on whatsapp