logo

गरुड़ में उक्रांद की बैठक, आशीष नेगी बोले- अपने दम पर चुनाव लड़ेगी पार्टी

खबर शेयर करें -

गरुड़। उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) युवा प्रकोष्ठ के केंद्रीय अध्यक्ष आशीष नेगी ने बुधवार को गरुड़ पहुंचकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि पहाड़ की महिलाओं पर जिम्मेदारियों का सबसे अधिक बोझ है, जबकि सत्तारूढ़ दलों ने जनता के हितों के बजाय अपने हित साधने का काम किया है।
नेगी ने कहा कि जल, जंगल और जमीन की लड़ाई को आगे बढ़ाते हुए उक्रांद उत्तराखंड को बेहतर बनाने के लिए संघर्ष करेगी। इस दौरान जनकवि गिरीश तिवारी ‘गिर्दा’ के गीत ‘हम लड़ते रैया भुला, हम लड़तै रुला’ के माध्यम से कार्यकर्ताओं में जोश भरा गया।
उन्होंने कहा कि उक्रांद आगामी विधानसभा चुनाव में अपने दम पर सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी। पार्टी किसी भी दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि पूर्व में गठबंधन का अनुभव पार्टी के सामने रहा है। नेगी ने दावा किया कि युवाओं में उक्रांद को लेकर उत्साह है और जेन-जी का समर्थन भी पार्टी को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जाति, वर्ग और धर्म से परे सभी लोगों का पार्टी में स्वागत है।
युवा प्रकोष्ठ के कोषाध्यक्ष वरुण चंदोला ने कहा कि बागेश्वर में छात्रसंघ चुनाव के परिणामों से भाजपा के प्रति लोगों की नाराजगी सामने आई है। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर जनता को लंबे समय तक भ्रमित नहीं किया जा सकता।

Share on whatsapp