logo

गुलदार से भिड़ीं बागेश्वर की दो साहसी महिलाएं, मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित

खबर शेयर करें -

गुलदार के हमले का बहादुरी से मुकाबला करने वाली बागेश्वर की दो महिलाओं को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित

बागेश्वर। वन्यजीवों के हमले के दौरान अदम्य साहस, सूझबूझ एवं आत्मरक्षा का परिचय देने वाली बागेश्वर वन प्रभाग की दो साहसी महिलाओं, प्रेमा जोशी एवं हेमा जोशी, को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। ग्राम पाटली, तहसील गरुड़ निवासी दोनों महिलाओं को एफआरआई देहरादून स्थित आईसीएफआरई सभागार में आज 1 अक्टूबर को आयोजित वन्यजीव सप्ताह-2026 के अवसर पर मानव-वन्यजीव संघर्ष के क्षेत्र में साहसिक कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया। बता दे कि 3 सितंबर 2026 को बैजनाथ क्षेत्र के ग्राम पाटली में कृषि कार्य के दौरान प्रेमा जोशी के पति हेम चंद्र जोशी पर अचानक गुलदार ने हमला कर दिया। हमले के दौरान प्रेमा जोशी ने बिना घबराए शोर मचाते हुए पास मौजूद दरांती से गुलदार का मुकाबला किया और अपने पति को बचाने का प्रयास किया। प्रेमा जोशी की चीख-पुकार सुनकर खेत में काम कर रहीं उनकी सहयोगी हेमा जोशी, पत्नी विपिन चंद्र जोशी, भी तत्काल मौके पर पहुंचीं। दोनों महिलाओं ने मिलकर शोर मचाया और गुलदार का डटकर सामना किया। उनके प्रतिरोध के चलते गुलदार मौके से भाग गया। इस तरह दोनों महिलाओं ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए विपरीत परिस्थितियों में अपनी जान बचाने में सफलता हासिल की। मुख्यमंत्री द्वारा दोनों महिलाओं को सम्मानित किया जाना उनके व्यक्तिगत साहस और दृढ़ संकल्प का सम्मान तो है ही, साथ ही यह ग्रामीण क्षेत्रों में मानव-वन्यजीव संघर्ष की चुनौती के बीच जागरूकता, धैर्य और आत्मरक्षा के महत्व को भी रेखांकित करता है।
इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी बागेश्वर प्रकाश चंद्र आर्य ने दोनों महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि उनका साहस और धैर्य पूरे समाज के लिए प्रेरणादायी है। उप-प्रभागीय वनाधिकारी बागेश्वर ने भी दोनों महिलाओं को पुरस्कार मिलने पर शुभकामनाएं दीं। वन विभाग ने कहा कि वन्यजीवों के साथ सह-अस्तित्व बनाए रखने के साथ-साथ मानव जीवन की सुरक्षा भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे साहसिक उदाहरण ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने और विपरीत परिस्थितियों में सूझबूझ से कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।
बागेश्वर वन प्रभाग ने दोनों महिलाओं के साहस और जज्बे को नमन करते हुए उन्हें इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  भाजयुमो उत्तराखण्ड की नई टीम में बागेश्वर का दमदार प्रतिनिधित्व,7 युवा कार्यकर्ताओं को प्रदेश कार्यसमिति सदस्य और 1 को विशेष आमंत्रित सदस्य की जिम्मेदारी
Ad Ad Ad Ad
Share on whatsapp