बागेश्वर। श्री हरु धाम ढौढार-दफौट स्थित ‘श्री हरु शांति वन’ में क्षेत्रीय ग्रामीणों, वन विभाग, जनप्रतिनिधियों और मंदिर समिति के संयुक्त सहयोग से वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान नए पौधे रोपने के साथ ही पूर्व में लगाए गए पौधों की निराई-गुड़ाई और देखरेख का कार्य भी किया गया।
आयोजकों ने बताया कि वर्ष 2016 से इस क्षेत्र को पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जा रहा है। वर्ष 2019 में इस स्थल का नाम ‘श्री हरु शांति वन’ रखा गया और यहां लगाए गए सभी पौधों को भगवान श्री हरु को समर्पित किया गया। उनका कहना है कि स्थानीय ग्रामीणों, मंदिर समिति और वन विभाग के सहयोग से इस क्षेत्र को भविष्य में एक समृद्ध संयुक्त वन के रूप में विकसित करने का लक्ष्य है।
वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान देवकी लघु वाटिका से लाए गए सीलिंग, पीपल, देवदार, मोरपंखी, सुबबुल, बांज और फल्याट प्रजाति के पौधे रोपे गए। वहीं वन विभाग ने ग्रामीणों को कागजी नींबू के पौधे भी वितरित किए, ताकि लोग अपने आसपास हरियाली बढ़ाने के साथ फलदार पौधों का भी संरक्षण कर सकें।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन और अधिक से अधिक वृक्षारोपण का संकल्प लेते हुए आमजन से भी प्रकृति संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।








