कपकोट। तहसील कपकोट क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कपकोट-बागेश्वर मोटर मार्ग पर तुडतुडिया भैरों लिंक रोड में एक टाटा 407 वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। हादसे में चालक की मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार पांच महिलाएं घायल हो गईं। घायलों में एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 08:15 बजे वाहन संख्या यूके-02 सीए-0677 (टाटा 407) तुडतुडिया भैरों लिंक रोड पर मुख्य सड़क से लगभग एक किलोमीटर आगे अचानक अनियंत्रित होकर करीब 15 से 20 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में चालक समेत कुल छह लोग सवार थे। हादसे में चालक भगत सिंह (33) पुत्र हयात सिंह निवासी खारबगड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। दुर्घटना में घायल महिलाओं को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय बागेश्वर भेजा गया है। घायलों में सुरमा देवी (60) पत्नी स्व. पुष्कर सिंह निवासी खटगेड़ा-रेथल की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें हायर सेंटर रेफर करने की तैयारी चल रही है। अन्य घायलों में राधा देवी (27) पत्नी महेश सिंह, तारा देवी (33) पत्नी देविंदर सिंह, उमा देवी साही (25) पत्नी भुवन सिंह निवासी खटगेड़ा-रथेल तथा कमला ऐठानी (32) पत्नी संतोष ऐठानी निवासी ऐठाड़ शामिल हैं। बताया जा रहा है कि उक्त वाहन असों क्षेत्र से भैरों की ओर घास लेने जा रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।








