भराड़ी रोड पर ओवरलोडिंग करने वाले दो वाहनों के कोर्ट चालान, देर शाम होटल-ढाबों में भी हुई चेकिंग
बागेश्वर। जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बागेश्वर पुलिस की कार्रवाई जारी है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत 22 अक्टूबर को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 41 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इनमें सात वाहनों के न्यायालय के चालान किए गए।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा (आईपीएस) के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यातायात पुलिस ने भराड़ी रोड पर चेकिंग की। इस दौरान निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने और वाहनों में ओवरलोडिंग करने पर दो वाहनों के कोर्ट चालान किए गए। साथ ही संबंधित चालकों के लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी शुरू की गई।
होटल-ढाबों में चेकिंग, बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन
पुलिस ने देर शाम ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत होटल और ढाबों की जांच की। इस दौरान छह बाहरी व्यक्तियों का पुलिस सत्यापन किया गया। पुलिस के अनुसार, बाहरी क्षेत्रों से आकर बिना पहचान उजागर किए या वेश बदलकर रहने वाले संदिग्ध व्यक्तियों को चिह्नित करने के उद्देश्य से लगातार चेकिंग की जा रही है।
इसके अतिरिक्त सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था भंग करने तथा बिना पुलिस सत्यापन के रहने वाले 11 व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने की आमजन से अपील
बागेश्वर पुलिस ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर शांति, सुरक्षा और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने, हुड़दंग करने और कानून व्यवस्था को अपने हाथ में लेने जैसी गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत दी है। साथ ही कहीं भी हुड़दंग या अशांति की स्थिति दिखाई देने पर तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना देने की अपील की है।







