बागेश्वर। आगामी वीवीआईपी ड्यूटी के मद्देनजर बागेश्वर नगर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। यातायात पुलिस की ओर से जारी रूट प्लान के अनुसार 9 अक्टूबर 2026 को सुबह आठ बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक विभिन्न मार्गों पर वाहनों को वैकल्पिक रूट से संचालित किया जाएगा। साथ ही कुछ स्थानों पर वाहनों की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
अल्मोड़ा-ताकुला रोड से आने वाले वाहन गरुड़ रोड की ओर जाने वाले वाहनों को मांग का धारा से विक्टर मोहन जोशी इंटर कॉलेज, जजी (नदी गांव) बाईपास और द्यांगड़ होते हुए भेजा जाएगा। अल्मोड़ा-ताकुला रोड से कांडा और पिथौरागढ़ जाने वाले भारी एवं हल्के वाहनों को बिलौना बाईपास से चंडिका रोड होकर गंतव्य की ओर जाना होगा।
कपकोट-भराड़ी-शामा मार्ग से आने वाले वाहन शहर क्षेत्र अथवा शहर से बाहर जाने वाले वाहनों को आरे बाईपास से द्यांगड़ होते हुए गंतव्य की ओर भेजा जाएगा। वहीं कांडा रोड से आने वाले शहर से बाहर जाने वाले वाहनों को पुराने एआरटीओ तिराहे से चंडिका रोड होकर भेजा जाएगा।
गरुड़-कौसानी रोड से आने वाले वाहनों को भी निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा। हल्द्वानी, अल्मोड़ा और ताकुला रोड की ओर जाने वाले वाहन जजी (नदी गांव) बाईपास से जाएंगे। कपकोट रोड जाने वाले वाहन द्यांगड़ बाईपास से होकर जाएंगे। पिथौरागढ़ और कांडा रोड जाने वाले वाहनों को जजी बाईपास, बिलौना बाईपास और चंडिका रोड से होकर गंतव्य तक पहुंचना होगा।
इन स्थानों पर रहेगी पार्किंग व्यवस्था
यातायात पुलिस के अनुसार वाहनों की पार्किंग के लिए माधव बैंकट हॉल, भाजपा कार्यालय, भाजपा कार्यालय के पूर्व की ओर साह पार्किंग तथा भाजपा कार्यालय के सामने दृष्टि आंखों के अस्पताल के पास और पीछे स्थान निर्धारित किए गए हैं।
इन मार्गों पर पार्किंग और आवाजाही पर प्रतिबंध
कार्यक्रम समाप्ति तक मंडलसेरा बाईपास पर भारी वाहनों का पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। भाजपा कार्यालय से पीपल चौक की ओर जाने वाले निजी रूप से संचालित किसी भी वाहन को इस मार्ग पर जाने की अनुमति नहीं होगी।
इसके अलावा डिग्री कॉलेज रोड से आरे बाईपास तक छोटे-बड़े सभी वाहनों की पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी। भागीरथी तिराहे से मंडलसेरा रोड और आरे बाईपास पर भी किसी भी प्रकार के वाहनों की पार्किंग की अनुमति नहीं होगी।
यातायात पुलिस ने वीवीआईपी ड्यूटी के दौरान आम लोगों से निर्धारित रूट प्लान का पालन करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।







