बागेश्वर। नगर व्यापार मंडल की बैठक में व्यापारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन की रणनीति तय की। व्यापारियों ने व्यापारी गोकुल जोशी समेत दो अन्य व्यापारियों से जुड़े मामले में अब तक कार्रवाई नहीं होने पर नाराजगी जताई। निर्णय लिया गया कि कल व्यापारी पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग करेंगे।
व्यापार मंडल ने चेतावनी दी कि एसपी से मुलाकात के बाद भी तत्काल कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापारी एसबीआई चौराहे पर एकत्र होकर पुलिस प्रशासन का पुतला दहन करेंगे और सांकेतिक धरना-प्रदर्शन के साथ जाम लगाएंगे। इसके बाद आंदोलन की आगे की रणनीति तय की जाएगी।
बैठक में यूपीआई ट्रांजेक्शन पर केंद्र सरकार द्वारा लगाए गए टैक्स के विरोध में जिलाधिकारी को ज्ञापन देने का निर्णय भी लिया गया। व्यापारियों ने कहा कि ज्ञापन के माध्यम से इस व्यवस्था के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया जाएगा।







