बागेश्वर के गढ़िया बॉक्सिंग क्लब के खिलाड़ियों ने सब जूनियर बालक-बालिका बॉक्सिंग चयन ट्रायल में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। हल्द्वानी के गोलापार में आयोजित चयन ट्रायल में क्लब के तीन खिलाड़ियों का सब जूनियर नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए चयन हुआ, जबकि एक खिलाड़ी का चयन स्टेट कैंप के लिए किया गया है।
क्लब के कोच उमेश सिंह गढ़िया ने बताया कि ज्योति टाकुली ने 43-46 किग्रा भार वर्ग, चंद्रकांता ने 46-49 किग्रा भार वर्ग तथा जया कोरंगा ने 49-52 किग्रा भार वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर नेशनल चैंपियनशिप के लिए जगह बनाई है। वहीं नैतिक सिंह बिष्ट ने 61-64 किग्रा भार वर्ग में द्वितीय स्थान हासिल कर स्टेट कैंप के लिए चयन सुनिश्चित किया।
उन्होंने बताया कि सब जूनियर नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप 23 जून से 29 जून तक पंजाब के जालंधर स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में आयोजित होगी। चयन ट्रायल में गढ़िया बॉक्सिंग क्लब के कुल आठ खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें पांच बालक और तीन बालिकाएं शामिल थीं।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर उत्तराखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष गोपाल सिंह खोलिया, खेल विभाग के प्रशिक्षक सुंदर सिंह गड़िया, तनुज कुमार, कमल सिंह नागरकोटी, जिला क्रीड़ा अधिकारी गुंजन बाला सहित विभिन्न खेल प्रशिक्षकों ने शुभकामनाएं दीं। वहीं विधायक सुरेश गढ़िया, विधायक पार्वती दास, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेश खेतवाल, नरेंद्र सिंह खेतवाल और मयंक खेतवाल समेत कई लोगों ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।








