बागेश्वर। दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए बागेश्वर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और पटाखों की बिक्री को लेकर रविवार को कोतवाली बागेश्वर और बैजनाथ पुलिस ने व्यापारियों, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों, वरिष्ठ नागरिकों, दुकानदारों और पटाखा कारोबारियों के साथ गोष्ठी आयोजित की। इस दौरान पुलिस ने सभी से निर्धारित नियमों का पालन करने और त्योहार के दौरान सतर्कता बरतने की अपील की।
कोतवाली बागेश्वर में कोतवाल अनिल उपाध्याय की अध्यक्षता में आयोजित गोष्ठी में पटाखा कारोबारियों को प्रशासन द्वारा निर्धारित खुले और सुरक्षित स्थानों पर ही दुकानें लगाने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने मुख्य बाजार और संकरी गलियों में पटाखों का भंडारण और बिक्री नहीं करने की हिदायत दी। साथ ही दुकानों में अग्निशमन उपकरण, पानी की बाल्टी और रेत अथवा मिट्टी की व्यवस्था रखने को कहा, ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
अतिक्रमण से बचने और यातायात सुचारू रखने की अपील
पुलिस ने व्यापारियों से दुकानों के बाहर सड़क पर अतिक्रमण नहीं करने और ग्राहकों के वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा कराने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि बाजार में यातायात व्यवस्था सुचारू रखना जरूरी है, ताकि आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो और आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस व अग्निशमन वाहनों की आवाजाही निर्बाध बनी रहे।
होटल-ढाबा संचालकों को भी निर्देश
गोष्ठी में होटल, ढाबा और लॉज संचालकों को अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे चालू रखने तथा वहां काम करने वाले बाहरी मजदूरों और कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु के दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।
पुलिस ने कहा कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी व्यापारी और नागरिक नियमों का पालन कर पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, ताकि दीपावली का पर्व सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।







