logo

सामाजिक विज्ञान महोत्सव में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, नौ विजेताओं ने हासिल किए स्थान

खबर शेयर करें -

डायट बागेश्वर में लोकतांत्रिक मूल्यों, इतिहास और सामाजिक सरोकारों पर हुआ मंथन; राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले के विजेता करेंगे प्रतिभाग

बागेश्वर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), बागेश्वर के सभागार में समग्र शिक्षा उत्तराखंड के अंतर्गत जनपद स्तरीय सामाजिक विज्ञान महोत्सव 2026-27 का आयोजन किया गया। “सामाजिक विज्ञान का ज्ञान, लोकतांत्रिक मूल्यों की पहचान” विषय पर आधारित इस महोत्सव में विद्यार्थियों ने भाषण, मॉडल प्रदर्शनी और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपनी प्रतिभा और विषय की समझ का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में जनपद के बागेश्वर, गरुड़ और कपकोट विकासखंडों से ब्लॉक स्तर पर चयनित नौ विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।

महोत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक, ऐतिहासिक, भौगोलिक और संवैधानिक मूल्यों के प्रति समझ विकसित करने के साथ वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और तार्किक क्षमता को बढ़ावा देना रहा। दिनभर चली प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने विभिन्न सामाजिक मुद्दों और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

यह भी पढ़ें 👉  अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर कपकोट महाविद्यालय के गेट पर पुतला दहन

सामाजिक विज्ञान जिम्मेदार नागरिक बनने की आधारशिला : कमलेश्वरी मेहता

डायट की प्राचार्य कमलेश्वरी मेहता ने कहा कि सामाजिक विज्ञान केवल एक विषय नहीं, बल्कि सजग, संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनने की आधारशिला है। वर्तमान समय में विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक समरसता तथा संवैधानिक अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी होना आवश्यक है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में तार्किक क्षमता, आलोचनात्मक चिंतन और शोधपरक दृष्टिकोण विकसित होता है।

सामाजिक विज्ञान के जिला समन्वयक एवं कार्यक्रम संयोजक रवि कुमार जोशी ने महोत्सव के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित रखने के बजाय सामाजिक मुद्दों, पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय इतिहास-विरासत और लोकतांत्रिक संस्थाओं की व्यावहारिक समझ देना जरूरी है। उन्होंने बताया कि जनपद स्तर पर तीनों विधाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी देहरादून में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय सामाजिक विज्ञान प्रतियोगिता में बागेश्वर का प्रतिनिधित्व करेंगे।

यह भी पढ़ें 👉  बागेश्वर में साइबर जागरूकता अभियान, पुलिस ने ऑनलाइन ठगी से बचाव के बताए तरीके

प्रभारी प्राचार्य डॉ. एस. रावत ने भी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत विचार और मॉडल राज्य स्तर पर भी अपनी पहचान बनाएंगे।

भाषण प्रतियोगिता में मानस धौनी प्रथम

भाषण प्रतियोगिता में राजकीय जूनियर हाईस्कूल भैरु चोबट्टा के मानस धौनी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय जूनियर हाईस्कूल थान डंगोली की गीतिका जतोला दूसरे और राजकीय जूनियर हाईस्कूल चचई, कपकोट की कनिका तीसरे स्थान पर रहीं।

मॉडल प्रदर्शनी में मिलि ने बाजी मारी

मॉडल प्रदर्शनी में राजकीय कन्या जूनियर हाईस्कूल मन्यूड़ा, गरुड़ की मिलि ने प्रथम स्थान हासिल किया। राजकीय जूनियर हाईस्कूल चौगांवछीना की किरन दूसरे और राजकीय इंटर कॉलेज सौंग, कपकोट के दीपक सिंह तीसरे स्थान पर रहे।

क्विज प्रतियोगिता में मोनिका प्रथम

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में राजकीय जूनियर हाईस्कूल चौरसों, गरुड़ की मोनिका ने पहला स्थान प्राप्त किया। राजकीय जूनियर हाईस्कूल पन्द्रहपाली, बागेश्वर के विमल चंद्र दूसरे और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उतरौड़ा, कपकोट की बबीता तीसरे स्थान पर रहीं।

यह भी पढ़ें 👉  ऑपरेशन प्रहार: बागेश्वर पुलिस की कार्रवाई, 22 वाहन चालकों के चालान, एक वाहन सीज

तीनों प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी), उत्तराखंड की ओर से देहरादून में आयोजित होने वाली दो दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।

कार्यक्रम में निर्णायक की भूमिका डॉ. उर्मिला बिष्ट, डॉ. दीपा जोशी और डॉ. भुवन चंद्र ने निभाई। इस अवसर पर डायट संकाय सदस्य डॉ. बी.डी. पांडे, डॉ. हरीश जोशी, डॉ. पूजा लोहनी और डॉ. कैलाश प्रकाश चंदोला सहित डीएलएड के 50 प्रशिक्षु, विभिन्न विद्यालयों से आए मार्गदर्शक शिक्षक-शिक्षिकाएं और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। समापन पर विजेताओं और प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन संयुक्त रूप से किया गया।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
Share on whatsapp