बागेश्वर। प्रदेश के आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास, आयुष एवं आयुष शिक्षा तथा पंचायती राज मंत्री मदन कौशिक ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयुष एवं पंचायती राज विभाग की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने विभागीय योजनाओं की प्रगति के साथ स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं और कर्मचारियों की स्थिति की जानकारी ली।
आयुष विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने जिले के आयुष चिकित्सालयों और आयुष्मान आरोग्य केंद्रों में दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन आयुष चिकित्सालयों का संचालन निजी भवनों में हो रहा है, उनके लिए स्थायी भवनों की मांग शासन को भेजी जाए।
मंत्री ने ऐसे आयुष्मान आरोग्य केंद्र, जहां चिकित्सक उपलब्ध नहीं हैं, वहां नजदीकी केंद्रों से चिकित्सकों की सप्ताह में कुछ दिन तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को आयुष चिकित्सा सेवाओं का लाभ आसानी से मिलना चाहिए और इसके लिए उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जाए।
ग्राम पंचायत द्यागण में सचिव की तैनाती के निर्देश
पंचायती राज विभाग की समीक्षा के दौरान ग्राम पंचायत द्यागण में ग्राम पंचायत सचिव की तैनाती का मामला भी सामने आया। मंत्री मदन कौशिक ने जिला पंचायती राज अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करते हुए जल्द सचिव की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और ग्रामीण क्षेत्रों तक सरकारी सुविधाओं का प्रभावी लाभ पहुंचाने पर जोर दिया। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।








